केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आगामी 3 दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचने वाले हैं। इस दौरे के दौरान गृह मंत्री शाह छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगे , नक्सल विरोधी अभियानों की समीक्षा करेंगे और सरेंडर करने वाले नक्सलियों से मुलाकात भी करेंगे। इसके अलावा वे बस्तर ओलंपिक के समापन समारोह में भी शामिल होंगे और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का हिस्सा बनेंगे। आइए जानते हैं उनके दौरे का पूरा कार्यक्रम।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 14 दिसंबर की रात करीब 11 बजे रायपुर पहुंचेंगे। अगले दिन 15 दिसंबर को वे रायपुर में पुलिस प्रेसिडेंट कलर अवार्ड समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर में वे बस्तर के लिए रवाना होंगे, जहां वे बस्तर ओलंपिक के समापन समारोह में हिस्सा लेंगे। शाह जी कानून-व्यवस्था पर भी बैठक कर सकते हैं।
गृहमंत्री शाह शहीद जवानों के परिवारों से मुलाकात करेंगे
इस दौरे के दौरान, गृहमंत्री शाह शहीद जवानों के परिवारों से मुलाकात करेंगे और उन नक्सलियों से भी बातचीत करेंगे जिन्होंने आत्मसमर्पण किया है। वे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आम जनता और सुरक्षाबल के जवानों से मिलकर उनके अनुभव जानेंगे। इस दौरान, वे सुरक्षाबल के जवानों के साथ डिनर भी कर सकते हैं। गृहमंत्री शाह सीआरपीएफ (CRPF) कैंप में रात को विश्राम करने का भी कार्यक्रम बना सकते हैं।
अमित शाह नक्सल प्रभावित बस्तर और अन्य क्षेत्रों का दौरा करेंगे और नक्सल विरोधी अभियानों की प्रगति की समीक्षा करेंगे। वे माओवादियों के आत्मसमर्पण के बाद के पुनर्वास कार्यक्रमों की स्थिति का जायजा भी लेंगे। साथ ही, वे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की प्रगति को देखेंगे। 16 दिसंबर को शाह जी जगदलपुर में नक्सल विरोधी अभियानों में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि देंगे और उनके परिवारों से मुलाकात करेंगे।
नक्सलवाद खत्म करने की दिशा में कदम:
केंद्र सरकार के लिए छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र से नक्सलवाद को खत्म करना एक महत्वपूर्ण मुद्दा है। गृहमंत्री अमित शाह ने पहले यह दावा किया था कि 2026 तक छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद का खात्मा हो जाएगा। उनके दौरे को इसी दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान, वे नक्सल विरोधी अभियानों की समीक्षा कर आगामी रणनीतियों पर चर्चा करेंगे। बता दें कि, गृह मंत्री अमित शाह के इस दौरे के लिए छत्तीसगढ़ सरकार और स्थानीय प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। सुरक्षा व्यवस्था को सख्त किया गया है और सभी कार्यक्रमों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।