Chhattisgarh Weather: छत्तीसगढ़ में 4 दिनों में ठंड बढ़ने की संभावना, बारिश के भी आसार

Spread the love

राजधानी रायपुर में छह डिग्री अधिक हो चुके रात के तापमान में अगले तीन दिनों में गिरावट आने की वजह से ठंड में बढ़ोतरी के आसार हैं. शुष्क हवा के आगमन से उत्तरी इलाके में ठंड का असर अधिक होगा. बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी की वजह से बस्तर में रात का तापमान और मध्य इलाके में तापमान में कम गिरावट आएगी. मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ एच पी चंद्रा के अनुसार, 8 दिसंबर से आने वाले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बादल-बारिश का दौर शुरू होगा.

दो दिन तक हल्की बारिश के आसार
पहले बस्तर में, फिर दो दिन तक मध्य हिस्से में हल्की बारिश होने के आसार हैं. मौसम में बदलाव होने की वजह से तापमान में उस अवधि में फिर से वृद्धि होगी. अभी राज्य में सरगुजा संभाग में उत्तर की शुष्क हवा का प्रवेश हो रहा है, वहां बस्तर के हिस्से में पूर्व की नमीयुक्त हवा आ रही है. नमी के प्रभाव से मध्य और दक्षिण में ठंड का ज्यादा प्रभाव नहीं होगा. मगर उत्तर में ठंड का अगले चार दिन प्रभाव ज्यादा महसूस होगा. अनुमान है कि सरगुजा संभाग और उससे लगे जिलों में पांच से छह डिग्री, मध्य भाग में तीन से चार डिग्री और बस्तर संभाग के जिलों में एक से दो डिग्री तक गिरावट होने के आसार हैं.

छत्तीसगढ़ के मुख्य जिलों का तापमान
मौसम विभाग ने बीते 24 घंटों में आंकड़ें जारी किए, जिसमें सूरजपुर का 29.4 डिग्री, बलरामपुर रामानुजगंज का 28.3 डिग्री, कोरिया का 29.2 डिग्री, सरगुजा का 29 डिग्री, गौरेला पेंड्रा मरवाही का 29.8 डिग्री, कोरबा का 30.8 डिग्री, बिलासपुर का 32.2 डिग्री, रायपुर का 32.4 डिग्री, दुर्ग का 31.4 डिग्री, बालोद का 32.9 डिग्री, नारायणपुर का 30.2 डिग्री, बस्तर का 31.4 डिग्री और दंतेवाड़ा का अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.